गम्हरिया। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के आलोक में अंचल कार्यालय द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि यह शिविर आगामी 17 एवं 18 नवंबर को अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया है। पूर्वाहन 11 से संध्या 5 बजे तक शिविर का समय निर्धारित किया गया है। बताया कि इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य जाति स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों का समय पर निष्पादन करना है। बताया कि इसका त्वरित लाभ मतदाता उठा सके। इससे कोई भी योग्य मतदाता अंतिम मतदाता सूची से छूटने न पाए। इसको लेकर सभी राजस्व उपनिरीक्षकों, अंचल निरीक्षकों, सहायकों आदि को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और शिविर में प्राप्त होने वाले नए आवेदनों पर तुरंत अग्रेतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, ग्राम प्रधानों, वार्ड पार्षदों, मुखियाओं एवं अन्य जनप्रतिनिधियो से आपसी समन्वय स्थापित कर इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।