गम्हरिया। प्रखंड सह अंचल परिसर में वर्षों से अवैध रूप से रह रहे लोगों को खाली कराया जाएगा। परिसर में अवैध अतिक्रमण से लेकर घेराबंदी नहीं रहने से सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। असुरक्षित इस परिसर में आये दिन चोरी की घटनाएं जहां आम बात हो गई है, वहीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परिसर में बने क्वार्टरों में निवास करने में डर लग रहा है। घेराबंदी नहीं रहने से परिसर से ही गायत्रीनगर, शिवनारायणपुर एवं मोतीनगर का आम रास्ता है। बताया गया कि परिसर के कई सरकारी क्वार्टरों से लेकर जमीन पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा हो गया है। अतिक्रमणकारियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने में पूर्व के प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई रुचि नहीं दिखाई। वर्षों से रह रहे लोगों को खाली कराना अब प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। इधर, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को सीओ सह बीडीओ प्रवीण कुमार ने परिसर का औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से रह रहे लोगों की जानकारी हासिल की। इस दौरान कई लोगों ने बताया कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं। इसके साथ ही परिसर स्थित गम्हरिया लैंप्स के भवन में भी गलत तरीके से छऊ एग्रो प्रोड्यूसर नाम का कार्यालय चलने की बातें सामने आने से सीओ हैरत में पड़ गए। बताया गया कि किसी ने उक्त कार्यालय को स्थल आवंटन कर दिया है। सीओ ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अतिक्रमण वाद चलाकर परिसर को मुक्त कराने का सीआई को निर्देश दिया। सीओ ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस देकर समयावधि के भीतर खाली करने का निर्देश दिया जाएगा। उसके बाद बलपूर्वक खाली कराकर परिसर को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड सह अंचल परिसर की घेराबंदी नहीं रहने से आम लोगों आवाजाही लगी रहती है। उन्होंने बताया कि परिसर की घेराबंदी के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए हल्का कर्मचारी एवं अमीन को मापी कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।