गम्हरिा
गम्हरिया।
राज्य के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने कहा कि आप भारत के नागरिक हैं तो मतदाता सूची में आपका नाम क्यों नहीं रहेगा। एसआईआर प्रक्रिया में भारत का कोई भी नागरिक मतदाता सूची में अपने नाम से वंचित नहीं रहेगा। एसआईआर की प्रक्रिया से मतदाताओं को घबराने की हरगिज जरूरत नहीं है। बल्कि, इस महान कार्य को सफल बनाने में अपने संबंधित दस्तावेज देकर बीएलओ को सहयोग करने की जरूरत है। मंगलवार को प्रखंड सभागार में आयोजित एसआईआर की बैठक में बीएलओ को संबोधित करते हुए राज्य उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आसान तरीके से एसआईआर को पूर्ण करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को इन्यूमरेशन फार्म भरकर बीएलओ को देना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूर्ण करने में बीएलओ को भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई तक राज्य के प्रत्येक मतदाता के घर में इन्यूमरेशन फार्म को बीएलओ के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। मतदाताओं को भी व्यक्तिगत रुचि लेकर इस फार्म को भरकर बीएलओ को सुपुर्द करने की अपील की गई है। बताया कि इसी के आधार पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 5 अगस्त को होगा। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों, नगर निकाय एवं जिले में युद्ध स्तर पर यह कार्य शुरू किया गया है, जिसमें बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर इसको सफल बना रहे हैं। बताया कि प्रारूप प्रकाशन में कोई त्रुटि नहीं हो। इसमें पूरी शुद्धता के साथ कार्य हो, इसके लिए सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को पूरे राज्य में सही तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बताया कि इसके लिए राज्य निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी अलग अलग जिले में चल रहे प्रशिक्षण की जानकारी लेकर बीएलओ की शंकाओं के समाधान कर रहे हैं। इस अवसर पर सीओ सह एइआरओ प्रवीण कुमार ने कहा कि अन मैप्ड मतदाताओं को इन्यूमरेशन फार्म के साथ चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में कोई एक जमा करना होगा। उक्त दस्तावेज के साथ फार्म का सत्यापन के उसे मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में शामिल किया जाएगा।



