सुरेश नारायण चौधरी बने झारखंड अंडर 23 कुश्ती टीम के कोच गम्हरिया। राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप 10 से 12 जुलाई तक रोहतक (हरियाणा) में भारतीय कुश्ती संघ के तत्वावधान में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के लिए सरायकेला-खरसावां के सुरेश नारायण चौधरी का चयन झारखंड यू-23 सीनियर पुरुष फ्री स्टाइल टीम के कोच के रूप में किया गया है। जिला कुश्ती संघ के सचिव अखिलेश्वर प्रसाद एवं अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने चयनित सभी खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य के पहलवान अनुशासन और मेहनत के साथ तैयारी कर रहे हैं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे। वहीं, जिला हॉकी संघ के सचिव अमित मोदक ने सुरेश नारायण चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका चयन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में झारखंड के पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य और जिले का मान बढ़ाएंगे।