गम्हरिया। झारखंड प्रदेश मारवाड़ी महिला समिति, गम्हरिया शाखा की ओर से राखी मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जुगसलाई की वरिष्ठ समाजसेविका रिंकू सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने समिति द्वारा सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 16 मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। राखी मेले में राखी, कपड़े, उपहार सामग्री, हैंडक्राफ्ट, ज्वेलरी सहित विभिन्न उत्पादों के दो दर्जन से अधिक स्टॉल लगाए गए थे। मेले में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों द्वारा तैयार हैंडक्राफ्ट उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने और आगंतुकों ने उनकी खूब सराहना की। समिति की अध्यक्ष रीना धानुका ने बताया कि संस्था सामाजिक कार्यों के साथ-साथ त्वचा दान के प्रति भी जनजागरूकता अभियान चला रही है। जरूरतमंद एवं जले मरीजों के जीवनदान के लिए उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में त्वचा दान के लिए आगे आने की अपील की। इस अवसर पर अध्यक्ष रीना धानुका, सचिव मधु जालान, कोषाध्यक्ष सरोज तुलस्यान, गायत्री तुलस्यान, मंजू चौधरी, कुसुम अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, किरण तुलस्यान, पूनम दीदी, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं महिलाएं उपस्थित थीं।