गम्हरिया। ब्रह्माकुमारी सेंटर में 16 से 21 अगस्त तक छह दिवसीय एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण एवं उपचार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन डॉ. लालचंद बगड़िया एक्यूप्रेशर संस्थान एवं मारवाड़ी महिला समिति, गम्हरिया के संयुक्त तत्वावधान में होगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा, जबकि नि:शुल्क उपचार सुबह 9:30 से 11 बजे तक किया जाएगा। प्रशिक्षण शुल्क 1500 रुपये निर्धारित है। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों को जीवनरक्षक एक्यूप्रेशर बिंदुओं की जानकारी, बिना दवा उपचार की तकनीक तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मारवाड़ी महिला समिति की सचिव मधु जालान ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी दिए गए संपर्क नंबरों पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इससे लाभ उठाने की अपील की है।