गम्हरिया। बड़ा गम्हरिया में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के जयघोष के बीच रथ को खींचा। इस वर्ष रथयात्रा समिति के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे मार्ग को रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को विधि-विधान के साथ सजे रथ पर विराजमान कर बड़ा गम्हरिया स्थित बोल तल से जगन्नाथ मंदिर तक लाया गया जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई। रास्ते भर श्रद्धालु महिलाओं ने पूजा-अर्चना, आरती और पुष्पवर्षा कर महाप्रभु का स्वागत किया। धार्मिक भजनों और जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु रथ यात्रा संचालन समिति के प्रमुख ठाकुर दुर्लभ दास ने बताया कि स्थानीय पौराणिक परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ एक रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम में नगर निगम के मेयर संजय सरदार, झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, पार्षद धनंजय गुप्ता, परितोष बेज, वरीय कांग्रेसी फुलकांत झा समेत काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके आयोजन में समिति के जगन्नाथ कुडू. सीताराम बेज, अरुण बेज, प्रेमचंद्र पाल, गोपाल चौधरी, वरुण दास, संजय मन्डल, संजय दास, भैरव प्रामाणिक, दीपक नायक, दिलीप गोराई फटिक चंद्र कुंडू समेत सभी सदस्यों का प्रमुख योगदान रहा।