गमहरिया।
इंडो-डेनिश टूल रूम (आईडीटीआर), जमशेदपुर में नोएडा स्थित स्पार्क मिंडा (मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड) की ओर से कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें टूल एंड डाई मेकिंग तथा मेकाट्रॉनिक्स ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में अभ्यर्थियों की एप्टीट्यूड टेस्ट के माध्यम से परीक्षा ली गई, जबकि दूसरे चरण में सफल उम्मीदवारों का फेस-टू-फेस इंटरव्यू हुआ। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर कुल 50 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। संस्थान के जेनरल मैनेजर रवीन्द्र कुमार ने कहा कि ऐसे कैंपस ड्राइव से विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। इससे वे अपने तकनीकी ज्ञान और कौशल का उद्योगों में प्रभावी ढंग से उपयोग कर पाते हैं। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्पार्क मिंडा की एचआर एवं टेक्निकल टीम का आभार व्यक्त किया। चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए संस्थान के शिक्षकों और प्रशिक्षण व्यवस्था को इसका श्रेय दिया। इस अवसर पर आईडीटीआर के एडमिन अंजन कुंडु, ट्रेनिंग विभाग के एचओडी राम बाबू वर्मा, एडमिन एसोसिएट्स एवं मीडिया प्रभारी पंकज कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



