गम्हरिया। समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गम्हरिया में शुक्रवार को दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पूर्व से चिन्हित 19 दिव्यांग बच्चों के बीच उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में लाभुक बच्चों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), स्मार्ट केन, विशेष जूते तथा बैसाखी उपलब्ध कराई गई। उपकरण मिलने से बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी छा गई। विशेषज्ञों ने प्रत्येक बच्चे की जरूरत के अनुसार उपकरणों की फिटिंग कर उनका सही उपयोग भी समझाया। समावेशी जिला प्रभारी रघुवर तिवारी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरण बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं, जिससे वे सामान्य बच्चों की तरह शिक्षा और दैनिक गतिविधियों में भागीदारी कर सकें। वार्ड पार्षद शुभम कुमार पांडेय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिविर के दौरान एलिम्को के विशेषज्ञ पीएंडओ सोनी कुमारी, ऑडियोलॉजिस्ट राम कुमार सिंह, पीएंडओ ऋतिक गुप्ता एवं लवकुश ने उपकरणों की जांच कर सही फिटिंग सुनिश्चित की तथा उनके सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रुक्मणी हसदा, रिसोर्स शिक्षिका सीमा कुमारी, विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।