गम्हरिया। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में शनिवार को गम्हरिया के नामोपाड़ा स्थित काड़ा काटा दुर्गा मंदिर परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। इसके साथ ही विभिन्न बीमारियों की नि:शुल्क जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कहा कि समाज सेवा ही संगठन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद लगातार जनहित के कार्य कर रही है। ऐसे चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही। शिविर के सफल आयोजन में गौरव मिश्रा, शानू सिंह, सुमित सिंह, मनीष प्रसाद, गौरव झा, सिन्टू गोराई, राहुल गोराई, धनंजय स्वर्णकार, अभिषेक मिश्रा, नीतीश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने इस पहल को समाजहित में सराहनीय बताते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ।