गम्हरिया। श्रावण माह के पावन अवसर पर ब्रह्मकुमारीज, गम्हरिया की ओर से 1 से 3 अगस्त तक तीन दिवसीय द्वादश शिव ज्योतिर्लिंगम आध्यात्मिक दर्शन मेला का आयोजन किया जाएगा। यह मेला इंडो डेनिश टूल रूम से सटे शनि मंदिर के समीप आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालु भारत के प्राचीन 12 शिव ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एक ही स्थान पर कर सकेंगे। बताया गया कि मेला प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 3 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। इसका उद्घाटन 1 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा। प्रतिदिन सुबह 9 बजे एवं शाम 7 बजे आरती का आयोजन भी किया जाएगा। ब्रह्मकुमारीज़ की पूनम बहन ने बताया कि मेले का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था, आध्यात्मिक चेतना एवं भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ब्रह्माकुमारीज गम्हरिया ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर आध्यात्मिक दर्शन एवं आरती का लाभ उठाने की अपील की है।