गम्हरिया। वाणी विद्या मंदिर मिडल स्कूल के प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय के संस्थापक सदस्य परितोष महतो (58) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शोक के मद्देनजर वाणी विद्या मंदिर विद्यालय में दो दिनों के अवकाश की घोषणा की गई है। छोटा गम्हरिया निवासी परितोष महतो जन सेवा सदन संस्था के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने वाणी विद्या मंदिर विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों से प्राथमिक स्तर से शुरू हुआ विद्यालय आज प्लस टू तक पहुंच चुका है। बताया गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही उनके छोटा गम्हरिया स्थित आवास पर शुभचिंतकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। वाणी विद्या मंदिर प्लस टू हाई स्कूल के अध्यक्ष सुशेन महतो, नारायण महतो, प्रधानाध्यापक हेमलाल महतो, उमेश महतो सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि परितोष महतो का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से विद्यालय परिवार और क्षेत्र ने एक समर्पित शिक्षाविद एवं समाजसेवी को खो दिया है।