आदित्यपुर। भाटिया बस्ती स्थित संस्कार प्ले स्कूल का आठवां वार्षिकोत्सव बुधवार को उत्साह और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के निदेशक एस.डी. प्रसाद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है। वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं शिक्षकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों ने पेड़-पौधों और पर्यावरण संरक्षण, पशु-पक्षियों के महत्व, बिहार के लोकआस्था के महापर्व छठ, महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति तथा योग पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। समारोह की अध्यक्षता भारत संस्कार के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय ने की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्राचार्या उर्वशी मेहता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुनमुन ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष रामचंद्र पासवान, भारत संस्कार के महासचिव सह वार्ड पार्षद डॉ. नथुनी सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाध्यापिका संध्या प्रधान, वार्ड पार्षद मंजू देवी, एम.एम. सिंह, जवाहर लाल सिंह, डॉ. लक्ष्मण ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।