गम्हरिया। राज्य सरकार के निर्देश पर अंचल कार्यालय की ओर से 3 से 7 अगस्त तक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जाति, आय, स्थानीय निवासी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र के लिए नए आवेदन लिए जाएंगे। साथ ही पूर्व से लंबित आवेदनों का भी त्वरित निष्पादन कर प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा। अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी राजस्व उपनिरीक्षकों को अपने-अपने हल्का क्षेत्र की तहसील कचहरियों में शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। जिन क्षेत्रों में तहसील कचहरी जर्जर अवस्था में है अथवा उपलब्ध नहीं है, वहां पंचायत भवन में शिविर लगाया जाएगा। शिविर की सूचना संबंधित तहसील कार्यालय एवं पंचायत भवन में प्रदर्शित करने के साथ जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि पहले से लंबित आवेदनों का भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने-अपने केंद्रों में प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा शिविर की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह को इस विशेष अभियान का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें प्रतिदिन शिविर की प्रगति की निगरानी करने, राजस्व उपनिरीक्षकों एवं प्रज्ञा केंद्र संचालकों से प्रतिवेदन प्राप्त करने तथा समेकित रिपोर्ट अंचल अधिकारी को उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है। सीओ ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने अंचल के जरूरतमंदों को शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।