गम्हरिया। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित एएमसी उत्तमडीह फुटबॉल मैदान में नौ अगस्त (रविवार) को एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें भाग लेंगी। आयोजकों ने प्रतियोगिता का मैच फिक्सचर जारी कर दिया है। मुकाबलों की शुरुआत सुबह नौ बजे होगी। पहला मैच डीजे राजा और ड्रैगन एफसी के बीच खेला जाएगा। सभी लीग मुकाबले निर्धारित समय के अनुसार लगातार आयोजित होंगे। प्रतियोगिता को दो समूहों में बांटा गया है। ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में 12-12 टीमों को शामिल किया गया है। फाइनल तक पहुंचने के लिए सभी टीमें कड़ा मुकाबला करेंगी। विजेता टीम को 40 हजार रुपये, उपविजेता को 30 हजार रुपये तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 3999 रुपये निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।