गम्हरिया। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदित्यपुर रेलवे आरआरआई परिसर में सोमवार को रेलवे तथा टाटा स्टील के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में जुस्को ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाटा स्टील के एरिया मैनेजर समीर सौरभ ने पौधारोपण कर किया। समीर सौरभ ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। इस अवसर पर मुख्य मंडल यातायात निरीक्षक प्रदीप प्रसाद, स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, अमरजीत सिंह, पंकज कुमार और आनंद कुमार समेत रेलवे व टाटा स्टील के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के अंत में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।