आदित्यपुर।
राजकीय पॉलिटेक्निक, आदित्यपुर के प्राचार्य संजीव कुमार को बेस्ट एकेडमिक टीचर एंड एडमिनिस्ट्रेटर का खिताब, राजभवन के ‘एट होम’ समारोह में दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर राजभवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ समारोह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट शिक्षाविदों और विद्यार्थियों का चयन किया है। विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार राजकीय पॉलिटेक्निक, आदित्यपुर के प्राचार्य संजीव कुमार को बेस्ट एकेडमिक टीचर एंड एडमिनिस्ट्रेटर तथा संस्थान के छात्र मानस प्रसाद को स्टूडेंट इन एकेडमिक एक्सीलेंस श्रेणी में आमंत्रित किया गया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव जार्ज कुमार द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के निर्देश के आलोक में चयनित शिक्षाविदों और छात्रों को राज्यपाल निवास में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए नामित किया गया है। सूची में विज्ञान प्रावैधिक एवं नवाचार परिषद (JCSTI) के व्याख्याता प्रिय रंजन को बेस्ट एकेडेमिशियन एंड एडमिनिस्ट्रेटर श्रेणी में शामिल किया गया है। वहीं झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, रांची की छात्रा स्वीटी कुमारी और छात्र मनीष कुमार पटेल को स्टूडेंट टॉपर श्रेणी में आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर राजकीय पॉलिटेक्निक आदित्यपुर में खुशी का माहौल है। बताया गया कि महज साढ़े पांच साल की सेवा में डॉ संजीव कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। जगन्नाथपुर पॉलिटेक्निक में के बाद इन्होंने गम्हरिया राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में प्राचार्य के रूप में करीब ढाई वर्षों तक सेवा प्रदान की। इस दौरान संस्थान की कई प्रमुख समस्याओं में हॉस्टल की दुर्दशा, परिसर में अवांछित तत्वों के प्रवेश पर रोक, एकेडमिक प्रणाली को पटरी पर लाकर छात्राओं को काफी राहत पहुंचाई गई थी, जबकि अनुशासन के मामले में उन्होंने संस्थान को अव्वल दर्जे तक पहुंचाने में काफी सफलता हासिल की थी। प्रशासक के रूप में उनकी स्वच्छ कार्यशैली से संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्राओं समेत आम लोगों के बीच उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की थी।



