गम्हरिया। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भीम खांदा सेवा ट्रस्ट अपने 11वें वर्षगांठ समारोह के अवसर पर 10 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया है। भीम खांदा पर्यटन स्थल परिसर, मुंडाकाटी (बाना ग्राम पंचायत) में रक्तदान शिविर के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण शिविर तथा विशिष्ट सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। बताया गया कि समारोह का उद्देश्य समाज सेवा की भावना को मजबूत करना तथा स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है। आयोजन मंडली के सदस्य सह क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी गोपाल महतो ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क हेल्थ चेकअप एवं नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। बताया कि ट्रस्ट की ओर से क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और समाज सेवा के इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की गई है। महतो ने कहा कि लोगों की सहभागिता ही इस आयोजन की सबसे बड़ी शक्ति है। ट्रस्ट का संदेश है कि सेवा, स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक एकजुटता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। भीम खांदा सेवा ट्रस्ट ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में भागीदारी निभाने तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है।