गम्हरिया।

टाटानगर-सहरसा रेल सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सरायकेला सर्किट हाउस में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी को क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। समिति ने टाटानगर से सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया होते हुए कटिहार तक दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग प्रमुखता से रखी। समिति ने ट्रेन संख्या 28181/28182 के आंशिक मार्ग में बदलाव कर टाटानगर-सहरसा-मधेपुरा-पूर्णिया-कटिहार के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों का टाटानगर व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से आवागमन होता है। सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, श्रमिकों, व्यवसायियों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यात्रियों को लंबी दूरी तय करने के साथ कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रो. केपी सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को मंत्रालय और रेल मंत्री तक पहुंचाया जाएगा। सांसद की ओर से वार्ता कर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया गया। बोल बम कीर्तन में सांसद को आमंत्रण मुलाकात के दौरान मिथिला संकीर्तन मंडली, आदित्यपुर की ओर से आयोजित बोल बम कीर्तन समारोह को लेकर भी चर्चा हुई। मंडली के सदस्यों ने सांसद जोबा मांझी को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया और आमंत्रण पत्र सौंपा। मंडली के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को शाम 6:30 बजे आदित्यपुर-2 स्थित दुर्गा मंदिर मैदान, पथ संख्या 7-8 में बोल बम कीर्तन समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। मौके पर निरंजन मिश्रा, अजय कुमार झा, अजय ठाकुर, ओम प्रकाश ठाकुर, आदित्य नारायण मिश्रा और इंद्रकांत झा समेत अन्य लोग मौजूद थे।