ग़म्हरिया/ राजनगर।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को राजनगर प्रखंड स्थित प्राचीन भीमखंदा परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। टाटा स्टील फाउंडेशन एवं भीमखंदा सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में स्थानीय युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में कुल 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध युवा समाजसेवी गोपाल महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में काफी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों ने उपस्थित होकर रक्तदान में शामिल हुए। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि झामुमो के वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद प्रो. केपी सोरेन शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए रेनकोट एवं छाता देकर सम्मानित किया गया। वहीं, शिविर के सफल संचालन में सहयोग करने वाले वॉलिंटियर्स के बीच शर्ट का वितरण किया गया। प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। विज्ञान ने काफी प्रगति की है, लेकिन कृत्रिम रूप से खून की एक बूंद बनाने में अब तक सफलता नहीं मिली है। ऐसे में रक्तदान ही वह माध्यम है, जिसके जरिए दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और अन्य आपात स्थितियों में जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शिविर का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल महतो ने किया। मौके पर छोटू राम महतो, दोल गोविंद महतो, बना पंचायत के मुखिया राम सिंह हेम्ब्रम, दिलीप महतो, बंगाल मार्डी, रुद्रों महतो एवं युगल किशोर महतो समेत कई लोग उपस्थित थे।