गम्हरिया। इंडो डेनिस टूल रूम (आईडीटीआर), जमशेदपुर में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 9 से 17 अगस्त तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आईडीटीआर के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने घरों पर फहराने की शपथ ली। कार्यक्रम में भाषण, निबंध, रंगोली, चित्रांकन, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आईडीटीआर के जीएम रवीन्द्र कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने और राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व एवं सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com⁠� पर अपलोड करने और प्रमाणपत्र प्राप्त कर इस जनआंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि अभियान के तहत आईडीटीआर में विभिन्न प्रतियोगिताओं के अलावा कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें संस्थान के छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारी एवं कर्मचारी भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आईडीटीआर के शिक्षक एके सिंह, आरपी सिन्हा, प्रियंका, विकास कुमार, सूरज, हिमांशु शेखर, अमित और प्रवीण समेत छात्र-छात्राओं की सराहनीय भूमिका रही।