गम्हरिया। कांड्रा के पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड कंपनी में 15 अगस्त को भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। कंपनी परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विश्व कप विजेता कपिल देव होंगे। उनके आगमन को लेकर कंपनी में भव्य तैयारी की जा रही है। कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह है। बताया गया कि कपिल देव के औद्योगिक क्षेत्र में पहली बार आगमन को लेकर उनके स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है। इसके लिए आदिवासी परंपरा के तहत मुख्य मार्ग से लेकर कंपनी परिसर तक उनका स्वागत की तैयारी की जा रही है। समारोह में कंपनी के प्रमोटर्स एवं निदेशक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ कपिलदेव देश की आजादी, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश देंगे। कंपनी की ओर से जारी आमंत्रण पत्र में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को याद करने का अवसर है। कंपनी प्रबंधन ने सभी आमंत्रित अतिथियों से समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। समारोह में कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।