गम्हरिया। खरकई नदी पर स्थित असंगी डैम में जिला प्रशासन के निर्देश पर चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाकर उक्त डेंजर क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। डैम में हाल के दिनों में एनआईटी के एक छात्र की डूबने से मौत के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई है। हादसे के बाद से ही डैम और उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे। डीसी नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सीओ प्रवीण कुमार ने यह कदम उठाया है। प्रशासन की ओर से लगाए गए बोर्ड के माध्यम से लोगों को डैम के उक्त क्षेत्र में नहीं जाने और सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। खासकर युवाओं और पिकनिक मनाने पहुंचने वाले लोगों से नदी व डैम के जलस्तर से दूर रहने की अपील की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, असंगी डैम क्षेत्र में अक्सर बड़ी संख्या में एनआईटी के छात्र स्नान करने या घूमने आते थे। अन्य क्षेत्र से भी कई लोग पानी के करीब जाकर सेल्फी और वीडियो भी बनाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पिछले कुछ वर्षों में एनआईटी के ही करीब चार छात्रों की मौत के बाद यह क्षेत्र डेंजर जोन में तब्दील हो गया है। इस क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड के माध्यम से लोगों को संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने डीसी की इस पहल का स्वागत करते हुए डैम क्षेत्र में नियमित निगरानी और सुरक्षा के अन्य इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। शुक्रवार को सीओ के निर्देश पर सीआई बलवंत सिंह, राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने आसंगी पहुंचकर चेतावनी बोर्ड लगाया।