गम्हरिया। आदर्शनगर स्थित सार्वजनिक शिव हनुमान काली मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा श्री श्री अखण्ड हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार, यह अखण्ड हरिनाम संकीर्तन 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 12:30 बजे से प्रारंभ होगा, जो निरंतर 24 घंटे चलते हुए 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोपहर 12:30 बजे संपन्न होगा। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर आयोजित इस संकीर्तन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। मंदिर समिति (सार्वजनिक मंदिर समिति, शिव हनुमान काली मंदिर, आदर्शनगर, गम्हरिया) ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं आम जनता से सपरिवार इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर हरिनाम संकीर्तन का आनंद उठाने तथा पुण्य के भागी बनने की अपील की है।