गम्हरिया। आदर्श नगर स्थित शिव हनुमान काली मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 24 प्रहर हरे राम, हरे कृष्ण अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया गया। 24 प्रहर अखंड हरिकीर्तन का समापन शनिवार दोपहर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। आयोजन में आदर्श नगर समेत आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन रहे। अखंड हरिकीर्तन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया। इस दौरान मंदिर कमेटी की ओर से समाज के सौ से अधिक विशिष्ट व्यक्तियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ आदर्श नगर के प्रबुद्ध नागरिकों का अहम योगदान रहा। कमेटी के पदाधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष 24 प्रहर अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य लोगों को भक्ति एवं आध्यात्मिकता से जोड़ना तथा समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।