गम्हरिया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी सह डायट प्राचार्य कैलाश मिश्रा एवं संस्थान के संकाय सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के 221 शिक्षकों को ‘शिक्षक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। शिक्षकों को मोमेंटो, शॉल, कलम एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कैलाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता और उनके जीवन के मार्गदर्शक होते हैं। जिले के शिक्षकों ने माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में बेहतर परिणाम देकर अपनी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता साबित की है। ऐसे शिक्षकों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। दो शिक्षकों को मिला जिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान डायट स्तर पर चयनित 18 शिक्षकों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। इनमें तरुण कुमार सिंह और ब्रज भूषण झा को 15-15 हजार रुपये का चेक देकर जिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। दोनों को मोमेंटो, प्रमाण-पत्र, शॉल और कलम भी दी गई। वहीं, अन्य 16 शिक्षकों को प्रमाण-पत्र, शॉल, मोमेंटो और कलम देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद कई शिक्षक भावुक नजर आए। शिक्षकों ने कहा कि उनके कार्यों को इस तरह सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने इसे जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। समारोह के दौरान शिक्षिका मीनू महतो ने कैलाश मिश्रा को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, +2 माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से भी कैलाश मिश्रा को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निबंधन की जिम्मेदारी प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय गम्हरिया की शिक्षिका मीनू महतो तथा डायट की संकाय सदस्य अनुभा सिंह और सीमा कुमारी ने संभाली। मंच संचालन संकाय सदस्य पंकज कुमार ने किया। मंच व्यवस्था डॉ. मनीला कुमारी और कंप्यूटर ऑपरेटर राजकिशोर कुम्भकार ने संभाली। कार्यक्रम की साज-सज्जा में अनिमेष कुमार, दशरथ महतो, राजकिशोर महतो, मंतोष कुमार और मोहम्मद कुर्बान का योगदान रहा। समारोह में संस्थान के लिपिक यशवंत कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के लिपिक विनय झा समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रज भूषण झा, हरे कृष्णा महतो, वासुदेव राम और आर. लक्ष्मण राव समेत अन्य शिक्षकों की भूमिका रही। समारोह ने शिक्षकों में नई ऊर्जा और दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पण का संदेश दिया।