गम्हरिया। पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यातायात की गंभीर समस्या को देखते हुए टायो कॉलोनी तक नगर निगम का विस्तार करने की सरकार से मांग की है। उन्होंने कहा कि गम्हरिया क्षेत्र में तेजी से शहरीकरण हो रहा है और आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टायो कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों को नगर निगम में शामिल किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर इस पर सरकार शीघ्र निर्णय नहीं लेगी तो क्षेत्र के लोगों को एकजुट कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इस मार्ग पर औद्योगिक गतिविधियों के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सुबह से देर रात तक वाहनों की आवाजाही रहती है। इससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ओवरब्रिज बनने से यातायात सुचारु होगा और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मल्टी स्टोरीज आवासीय कॉम्प्लेक्स बनाने वाले को पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार को पहल करने की जरूरत है। पूर्व विधायक ने कहा कि दुर्गापूजा मैदान से सटे आदर्शनगर, बलरामपुर, बड़ा गम्हरिया, छोटा गम्हरिया क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए गम्हरिया में सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी है। कहा कि पूर्व से बनी सभी सड़कें काफी संकीर्ण होने एवं बढ़ती आबादी के साथ वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण लोगों को घरों से गंतव्य तक जाने में मुश्किल हो रहा है। उन्होंने दुर्गापूजा मैदान से सीधे टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग तक सड़क संपर्क बनाने एवं सर्विस रोड को खाली रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। सीधा संपर्क मार्ग बनने से समय और दूरी दोनों की बचत होगी। सड़क किनारे कचरे का अंबार, सफाई की मांग अरविंद सिंह ने टाटा-कांड्रा मार्ग पर जगह-जगह जमा कचरे को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क के किनारे कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बावजूद सड़क निर्माता कंपनी जेएआरडीसीएल की ओर से नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। उन्होंने संबंधित कंपनी और विभाग से तत्काल कचरे की सफाई कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सड़क, यातायात और नागरिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। सरकार और संबंधित विभाग को इन मांगों पर गंभीरता से पहल करनी चाहिए।
opinionLIVE
लेख सुनें
स्वचालित वॉयस
टायो कॉलोनी तक नगर निगम में शामिल करे सरकार : अरविंद सिंह
पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यातायात की गंभीर समस्या को देखते हुए टायो कॉलोनी तक नगर निगम का विस्तार करने की सरकार से मांग की है।
लेखक: संवाददाता · 14 सितंबर 2026
👁57 पाठक
3 मिनट पठन



