गम्हरिया। लार्ज सेक्टर स्थित बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी विश्वकर्मा पूजनोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यहां पूजा के दौरान प्रबंधन और कामगारों के बीच अटूट समन्वय और आपसी संबंधों का बेहतर माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अरविंद सिंह समेत कई गण्यमान्य लोगों ने शिरकत कर भगवान विश्वकर्मा से औद्योगिक क्षेत्र की खुशहाली, प्रगति और समृद्धि की कामना की। पूजनोत्सव का आयोजन कंपनी के एचआर अधिकारी भुवनेश पारीक के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कंपनी के यूनिट हेड अविनाश झा ने कहा कि यहां के कर्मचारी कंपनी के धरोहर हैं। उनके सहयोग से जहां हम उत्पादन के शतप्रतिशत लक्ष्य को हासिल करते हैं, वहीं शिल्पदेव के इस पूजनोत्सव को भी हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। उन्होंने सभी कामगारों को पूजनोत्सव की बधाई दी । इस अवसर पर प्रहलाद चौधरी, विकास राय, समेत काफी संख्या में गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।