गम्हरिया। दुर्गापूजा के दौरान चंदा वसूली के नाम पर फर्जी और डुप्लीकेट रसीद के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। छोटा गम्हरिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी के नाम पर कथित रूप से डुप्लीकेट रसीद छपवाकर कुछ लोग स्थानीय मुहल्लों में घूम-घूमकर चंदा वसूली कर रहे हैं। जबकि अन्य कई कमेटियों का हवाला देकर पूजा एवं भंडारे के नाम पर वसूली की बातें सामने आ रही है। इससे पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों को आशंका है कि उनके द्वारा दी जा रही राशि सही जगह पहुंच रही है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस मामले को लेकर बुधवार को छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान स्थित पूजा स्थल पर कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष सुषेण महतो ने की। बैठक में पुलिस निरीक्षक सह गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद भी मौजूद थे। कमेटी के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र की सबसे पुरानी दुर्गापूजा समितियों में शामिल छोटा गम्हरिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी के नाम का इस्तेमाल कर अनधिकृत रूप से चंदा वसूली की जा रही है। सदस्यों ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संजय प्रसाद ने कहा कि किसी विश्वसनीय पूजा कमेटी के नाम पर डुप्लीकेट रसीद छपवाकर चंदा वसूलना गलत है। उन्होंने कमेटी के सदस्यों को ऐसे अनधिकृत लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लिखित शिकायत थाने में देने का निर्देश दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी। बैठक में सदस्यों ने लोगों से अपील की कि चंदा देते समय रसीद की जांच करें और अनधिकृत व्यक्तियों को राशि देने से बचें। साथ ही संदिग्ध रसीद या चंदा वसूली की जानकारी पूजा कमेटी अथवा पुलिस को देने को कहा गया। बैठक में फुलकांत झा, अमृत महतो, ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो, बाबू मिश्रा, रिंकू ठाकुर, भूटेल महतो, रवि कर्मकार, सचिन महतो, समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।