गम्हरिया। स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह एवं जिला पर्यावरण प्रमुख श्रीमती रश्मि भेंगरा ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक श्री संजय प्रसाद उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि अव्वल बच्चों को मंच प्रदान कर प्रतिभा निखारने का यह सबसे बेहतरीन प्रयास है। स्वदेशी जागरण मंच का यह प्रयास काफी सराहनीय है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग संयोजक राजकुमार शाह एवं सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार शामिल थे। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने प्रतियोगिताओं में परीक्षक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय एवं नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा 6 से 8 तक की चित्रकला प्रतियोगिता में 48 विद्यार्थी, कक्षा 9 एवं 10 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 32 विद्यार्थी तथा कक्षा 11 एवं 12 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 35 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में स्थानीय बालिकाओं एवं महिलाओं सहित 37 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 152 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित विषय रखे गए। इनमें झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषय शामिल थे। कक्षा 9 एवं 10 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड के स्थानीय उत्पाद एवं पर्यटन से रोजगार सृजन, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं मतदान का महत्व, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम्, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की भूमिका तथा स्वदेशी के विषय पर अपने विचार लिखने से संबंधित विषय शामिल किया गया था। कक्षा 11 एवं 12 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड का आर्थिक परिदृश्य, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का इतिहास, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से सुरक्षा एवं स्वावलंबन और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर विद्यार्थियों की जानकारी और समझ को परखा गया। स्वदेशी के विषय पर अपने विचार लिखने का विषय भी शामिल किया गया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित सिंह देव, श्रीमती अल्पना कुमारी, श्रीमती पूनम देवी, जितेंद्र सिंह, प्रणव झा, शरदेंदु शेखर, श्रीमती दुलारी झा, अनिमेष कुमार, प्रमोद पांडे, कन्हैया प्रसाद, राजेश झा एवं राजन साह सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला संयोजक अजीत सिंह ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 7 नवंबर को दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। वहीं, शेष प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।