गम्हरिया। इस क्षेत्र की महिला अधिवक्ता प्रशंसा दीवान ने विधिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट द्वारा संचालित दिल्ली इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन सेंटर (डीआईएसी) में इंटर्नशिप करने का अवसर मिला था। इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने मध्यस्थता, कानूनी विवादों के समाधान, विधिक शोध एवं अन्य कानूनी कार्यों में सक्रिय योगदान दिया। उनकी कुशाग्र बुद्धि, कार्यक्षमता और सीखने की लगन से प्रभावित होकर डीआईएसी की कमेटी ने प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें इंटर्नशिप प्रमाणपत्र प्रदान किया। साथ ही, उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मेधावी अधिवक्ताओं की सूची में भी शामिल किया गया है। कमेटी के सदस्यों ने प्रशंसा दीवान की प्रतिभा और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल विधिक भविष्य की कामना की। उनकी इस उपलब्धि से गम्हरिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।