गम्हरिया। झारखंड आंदोलनकारी, झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं अपने प्रिय मित्र दिवंगत जोगेश्वर टुडू की पुण्यतिथि पर महुलडीह में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला के विधायक चंपाई सोरेन ने महुलडीह पहुंचकर उनकी प्रतिमा एवं समाधि स्थल पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जोगेश्वर टुडू के झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोरेन ने कहा कि स्व. टुडू ने झारखंड की पहचान, अधिकार और सम्मान की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका संघर्ष और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। चंपई सोरेन ने कहा कि जोगेश्वर टुडू ने लंबे समय तक पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हुए जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करते थे। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, झारखंड आंदोलनकारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने स्व. जोगेश्वर टुडू के चित्र एवं समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।