गम्हरिया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर प्रशासन ने मतदाताओं से समय रहते गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) भरकर जमा करने की अपील की है। सीओ सह एइआरओ प्रवीण कुमार ने कहा कि कई लोग अंतिम दिन फॉर्म जमा करने का इंतजार करते हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है। इसके साथ ही तकनीकी या अन्य कारणों से आवेदन समय पर जमा नहीं हो पाता है। ऐसी स्थिति में सूची में नाम छूटने की आशंका बनी रहती है। शुक्रवार को प्रखंड परिसर में बने सरकारी डाकबंगला का उदघाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता बिना देरी किए अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेज भी संलग्न करें, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रशासन लगातार घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करा रहा है। सीओ ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न पड़ें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें। यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने या दस्तावेजों को लेकर कोई परेशानी हो तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ अथवा संबंधित निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है। सीओ ने लोगों से अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए अंतिम दिन का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द फॉर्म जमा करें, ताकि किसी का नाम एसआईआर अभियान में छूटने न पाए। बताया गया कि झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस कार्य को सफल बनाने के लिए 136 बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षकों समेत दो सौ से अधिक वॉलेंटियर्स लगे हैं। धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा पाठ कर किया उद्घाटन इससे पूर्व धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा पाठ के बाद सरकारी डाकबंगला का विधिवत उद्घाटन किया गया। सीओ ने लोगों से सरकारी प्रावधान के अनुसार डाक बंगला का विधिवत उपयोग की अपील की। पंडित चंदन उपाध्याय द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उदघाटन समारोह सम्पन्न कराया। इस अवसर पर मुख्य रूप से विनोद सिंह, धर्मदेव गिरी, हीरा प्रसाद, गुरजीत सिंह,अखिल भारतीय तैलिक महासभा के उपाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता आदि पस्थित थे।