गम्हरिया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को अवकाश के दिन भी गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में कार्य जारी रहा। सीओ सह एइआरओ, बीएलओ एवं संबंधित कर्मी मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में जुटे रहे। अधिकारियों ने मतदाताओं से समय पर आवश्यक प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की है। सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि जो मतदाता वर्तमान में विदेश में रह रहे हैं, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एसआईआर की कार्रवाई पूरी करा सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति ने किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण कर ली है, तो वह भारतीय मतदाता सूची से अपना नाम स्वयं हटवाने के लिए आवेदन करें। इससे मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी। सीओ ने कार्य की समीक्षा करते हुए सभी बीएलओ को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। मतदाताओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित बीएलओ या प्रखंड कार्यालय कंट्रोल रूम से संपर्क कर उसका समय रहते सुधार करा लें। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगे बीएलओ पर्यवेक्षक सच्चिदानंद चौधरी एवं रंजीत कुमार ने बताया कि समयावधि के भीतर कार्य पूरा करने के लिए अवकाश के दिन रविवार को भी प्रखंड कंट्रोल रूम खुला रखा गया है। बताया कि क्षेत्र में 136 बीएलओ भी अवकाश के दिन फील्ड में गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में जुटे हैं, वहीं,सीप्रखंड कार्यालय में बड़ी संख्या में बीएलओ प्रपत्रों की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन तथा मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में लगे है। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने में सावधानी बरतने की अपील की। बताया कि युद्ध स्तर पर प्रचार प्रसार एवं प्रशिक्षण अभियान के बाद भी गणना प्रपत्र भरने में ढेर सारी अशुद्धियाँ सामने आ रही है। हालांकि क्षेत्र के संबद्ध बीएलओ की ओर से त्रुटि सुधार कर प्रपत्र जमा किया जा रहा है। इसमें समय लग रहा है।