ग़म्हरिया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में संचालित चुनावी पाठशालाओं का मंगलवार को सीओ सह एइआरओ प्रवीण कुमार एवं बीएलओ सुपरवाइजर सच्चिदानंद चौधरी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर चल रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का जायजा लिया गया तथा बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एएसडीडी सूची निर्माण एवं मतदाता सत्यापन कार्य की समीक्षा के साथ-साथ मतदाताओं एवं भावी मतदाताओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान एएसडीडी सूची निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि एएसडीडी सूची का निर्माण घर-घर सत्यापन के आधार पर पूरी पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ करें। यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें। निरीक्षण के दौरान चुनावी पाठशाला में मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी गई। उन्हें मतदान के महत्व, मतदाता सूची की शुद्धता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया। नए मतदाताओं, महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बीएलओ सुपरवाइजर ने कहा कि चुनावी पाठशाला का उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे।