गम्हरिया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र उपलब्ध नहीं हो पाया है, उनके लिए 18 एवं 20 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाया जाएगा। एइआरओ प्रवीण कुमार ने बताया कि अब भी शहरी क्षेत्र के कई मतदाता ऐसे हैं, जिन्हें गणना प्रपत्र नहीं मिल सका है। शिविर के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराकर उसे भरवाने और तत्काल जमा कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। उनके साथ वालेंटियर्स तथा बीएलओ सुपरवाइजर भी तैनात रहेंगे। ये सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने, उसे सही तरीके से भरने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। 22 तक हर हाल में जमा कर दें गणना प्रपत्र बताया कि 22 तक हर हाल में आदित्यपुर नगर निगम का शत प्रतिशत गणना प्रपत्र जमा करने की तिथि निर्धारित की गई है। उसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन एवं 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि निर्धारित है। इसके बाद दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। बाहर रह रहे मतदाता करें बीएलओ से संपर्क एईआरओ ने बताया कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर रह रहा है, तो उसे अपने मतदाता पहचान पत्र में अंकित मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं का गणना प्रपत्र समय पर जमा होना आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। उन्होंने मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और समय रहते अपनी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की।