गम्हरिया। प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय पर शत-प्रतिशत पूरा होने के बाद इससे जुड़े कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ में उत्साह का माहौल है। बुधवार को एईआरओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने अभियान में योगदान देने वाले सभी कर्मियों को अपने कार्यालय कक्ष में बधाई देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने बताया कि गम्हरिया प्रखंड के आदित्यपुर नगर निगम एवं पंचायत क्षेत्रों को मिलाकर कुल 2, 46, 431 मतदाताओं का शत-प्रतिशत मैपिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसमें आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के 1,43,559 तथा पंचायत क्षेत्र के 1,02,872 मतदाता है। एइआरओ ने बताया कि अभियान के दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 40,687 तथा पंचायत क्षेत्र में 13,803 एएसडीडी (ASDD) प्रकरण प्राप्त हुए। इन सभी मामलों का समयबद्ध ढंग से डिजिटाइजेशन कर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता में बीएलओ, सुपरवाइजरों और अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रही है। उनके अथक प्रयास के कारण शत प्रतिशत सफलता मिली है। उन्होंने सभी कर्मियों से भविष्य में भी निर्वाचन संबंधी कार्यों में इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। समय पर एसआईआर अभियान पूरा होने से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को भी गति मिली है। सीओ ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।