गम्हरिया। आईडीटीआर द्वारा 30 जुलाई से 13 अगस्त तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शनिवार को आदित्यपुर में छात्रों की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्रों ने सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की और आसपास कार्यरत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने घर और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने की अपील की। कार्यक्रम में आईडीटीआर के जीएम रवीन्द्र कुमार ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत, सामाजिक और कार्यस्थल की स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से वातावरण स्वच्छ रहता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।अभियान का नेतृत्व एडमिन एसोसिएट सह मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मौके पर ओपी पांडेय, बबलू पाल, हिमांशु शेखर, अमित कुमार, प्रवीण कुमार, उमेश रजक सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।