गम्हरिया। छठ महापर्व को मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्षद धनंजय गुप्ता की पहल पर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों एवं आसपास के इलाकों में साफ-सफाई कराई गई। इस दौरान गौरी नदी, शिव बांध और छोटा बांध स्थित छठ घाटों की विशेष रूप से सफाई कराई गई, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पार्षद ने बताया कि छठ लोक आस्था का महान पर्व है। इस अवसर पर घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। बताया कि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को इन घाटों पर स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। पार्षद ने सभी क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। सफाई अभियान में तपन पाल, अशोक पाल, प्रमोद कुमार सिंह एवं पीके सिंह ने सहयोग किया।