गम्हरिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का दो चरणों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने क्लेम एंड ऑब्जेक्शन तथा नोटिस एंड वेरिफिकेशन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए 8 व 9 अगस्त को प्रथम विशेष मतदान केंद्र शिविर आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को ग्राम सभाओं के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलेगा, जबकि 22 व 23 अगस्त को द्वितीय विशेष मतदान केंद्र शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 25 अगस्त से 4 सितंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि, संशोधन या आपत्ति है, वे निर्धारित अवधि में संबंधित मतदान केंद्र या निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक प्रपत्र के साथ आवेदन अवश्य जमा करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। अधिकारियों ने बीएलओ को प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं नियमानुसार निष्पादन, व्यापक जनजागरूकता तथा पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में एईआरओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, बीडीओ, मास्टर ट्रेनर सच्चिदानंद चौधरी, नरेंद्र राय, रणजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।