गम्हरिया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में मंगलवार को गम्हरिया हाट-बाजार परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में दुकानदारों, व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्षमय जीवन, जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार और गरीबों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि गुरुजी के आदर्शों पर चलकर ही राज्य का सर्वांगीण विकास संभव है। इस अवसर पर उन्होंने गम्हरिया हाट-बाजार का नाम ‘गुरुजी मार्केट’ करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सांसद जोबा मांझी के माध्यम से सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा। केपी सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गम्हरिया में प्रस्तावित ‘गुरुजी मार्केट कॉम्प्लेक्स’ के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉम्प्लेक्स बनने के बाद दुकानदारों, व्यवसायियों और सब्जी विक्रेताओं को एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे बाजार का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलकांत झा ने की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपने पूरे जीवन में झारखंडवासियों के अधिकार, सामाजिक न्याय और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी। उनका त्याग, संघर्ष और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। सभा में इंद्रकांत झा, गोविंद पाठक, देव कुमार दास, अरुण कुमार दास, अपन चंद्रा, महावीर गोराई, सुफल गोराई, राधेश्याम महतो, पंकज अग्रवाल, दीपक झा, शंकर शर्मा, रुपेश, लाल महतो सहित बड़ी संख्या में दुकानदार, व्यवसायी एवं सब्जी विक्रेता उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।