गम्हरिया। झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता एवं वीर शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर शनिवार को विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। झामुमो जिला संगठन सचिव अमृत महतो के नेतृत्व में दुर्गा पूजा मैदान में स्थित निर्मल दा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणेश चौधरी और केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली ने राज्य के विकास में युवाओं को आगे आने की अपील की। नेताओं ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनके सपनों को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत है। महाली ने कहा कि आज झारखंड की बागडोर युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों में है। उनके नेतृत्व में आदिवासी-मूलवासियों के हितों और अधिकारों के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान और उनका हक मिलने से अलग राज्य गठन का उद्देश्य अब पूरा हो रहा है। इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो ने निर्मल महतो के बताए रास्ते पर चलने और झारखंड के विकास एवं जनहित के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्मल महतो का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम में जिला संगठन सचिव अमृत महतो, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी, एच मार्डी, जिला सह सचिव जगदीश महतो, भोंदा बेसरा, युवा नेता सन्नी सिंह, खोखन महतो, शंकर मुखी, मंगल मांझी, राजेश गोप, सरोज मुखर्जी, समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।