गम्हरिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने शनिवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 से स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान में समाजसेवी सत्यनारायण मिश्रा उर्फ बाबू मिश्रा की ओर से आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अरविंद सिंह ने लोगों के बीच ब्लीचिंग पाउडर का वितरण किया और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अभियान के दौरान अरविंद सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। यदि लोग अपने-अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन साफ-सफाई की आदत डाल लें तो आने वाले समय में आदित्यपुर नगर निगम को स्वच्छ और सुंदर बनाना कोई बड़ी बात नहीं होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाएं और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां और महामारी फैलने का खतरा बना रहता है। साथ ही गंदे और अस्वच्छ वातावरण से क्षेत्र की छवि भी खराब होती है। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में गंदगी रहती है, वहां आने वाले लोग भी उस क्षेत्र को गलत नजर से देखते हैं, जिससे स्थानीय लोगों की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक बाबू मिश्रा ने गम्हरिया बाजार से लेकर टाटा - कांड्रा मार्ग पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील दुकानदारों से करते हुए नगर निगम को सहयोग की अपील की। इससे पूर्व मुख्य अतिथि की ओर से झंडोत्तोलन कर सलामी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी, प्रो रवि शंकर, सन्नी सिंह, अजय शर्मा, रश्मि साहू, अजीत सिंह, दलबीर सिंह, शैलेश तिवारी, संजीव ठाकुर समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
environmentLIVE
लेख सुनें
स्वचालित वॉयस
स्वच्छता की आदत से ही बनेगा आदित्यपुर स्वच्छ : अरविंद सिंह
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने शनिवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 से स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।
लेखक: संवाददाता · 15 अगस्त 2026
3 मिनट पठन




