गम्हरिया। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग रांची के निर्देश पर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के सहयोग से टीएसयूआई एसएल की ओर से मंगलवार को प्रखंड परिसर में विद्युत संबंधी विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकार, शिकायतों के निवारण तथा बिजली के सुरक्षित उपयोग को लेकर लोगों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (सीजीआर एफ) के चेयरपर्सन सह सेवानिवृत्त जिला जज आलोक राज, विद्युत तकनीकी अधिकारी शरद चंद्र कुमार, संजीव कुमार सिन्हा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर झा उपस्थित थे। इस अवसर पर आदित्यपुर के उपभोक्ता पंकज कर्ण ने आदित्यपुर-2 वार्ड नं. 28 के कामधेनु अपार्टमेंट, अर्थ इनक्लेव, मोतीनगर, वास्तु बिहार, त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स, ग़म्हरिया के आदर्श नगर समेत कई क्षेत्रों में जुस्को की बिजली कब तक पहुँचने का सवाल उठाया। उन्होंने आवेदन देकर इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं तक जुस्को की बिजली पहुंचाने की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध विधिक एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कराने की अपील की।शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बिजली से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।