गम्हरिया। दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर गम्हरिया के टाटा - कांड्रा मुख्य मार्ग, सर्विस रोड समेत नालियों की साफ-सफाई को लेकर झारखण्ड क्षत्रिय युवा संघ (गम्हरिया) ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। संघ के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि गम्हरिया मुख्य मार्ग (दुर्गा पूजा मैदान से गम्हरिया ब्लॉक तक) नियमित साफ-सफाई न होने से सड़कों पर कई जगह कचरा जमा है और नालियां जाम हैं। इससे जल निकासी बाधित हो रही है और दुर्गंध फैलने से स्थानीय लोगों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि जल्द ही दुर्गा पूजा का त्योहार शुरू होने वाला है, जिसमें पूजा पंडालों और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में क्षेत्र में स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। संघ ने मांग की है कि पूजा से पूर्व मुख्य मार्ग और नालियों की तत्काल समुचित सफाई कराई जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।