गम्हरिया। एसआईआर नहीं होने से परेशान मतदाताओं के लिए खुशखबरी है। चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में नाम चढ़ाने का एक और सुनहरा मौका दिया है। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, प्रवीण कुमार ने बताया कि आगामी 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य एसआईआर -2026 के अंतर्गत मतदाताओं के लंबित कार्यों का निपटारा करना और नए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है। बताया कि कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ और बीएलए-2 की चौथी बैठक के साथ-साथ चौथी चुनाव पाठशाला का आयोजन भी किया जाएगा। एसआईआर -2026 के तहत नो मैपिंग या अन्य गड़बड़ियों के कारण नोटिस पाने वाले मतदाताओं की पहचान कर उनके दस्तावेज सत्यापन का कार्य पूरा कराया जाएगा। बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के छूटे हुए युवाओं और प्रवासी मतदाताओं से प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा। जबकि पता या अन्य त्रुटियों के सुधार हेतु प्रपत्र-8 प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने का आदेश दिया है। साथ ही नगर निगम आदित्यपुर के पार्षदों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए -1 से अपने क्षेत्रों में इस कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की अपील की गई है।