गम्हरिया। झारखंड स्थित गांजिया बराज परिसर में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा एम-कैडवम योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम ‘समृद्धि की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्रालय के उप निदेशक शुभम पचौरी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश के 28 राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 35 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें झारखंड के गम्हरिया क्लस्टर को भी विशेष रूप से चुना गया है। उन्होंने कहा कि अक्सर सरकारी योजनाओं की जानकारी जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाती, इसलिए इस पाठशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को योजना की बारीकियों और जल प्रबंधन की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों से जोड़कर समृद्ध बनाना और हर खेत तक सुचारू रूप से पानी पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से इस महत्वपूर्ण परियोजना से लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर केंद्रीय जल आयोग (सीबीडब्ल्यूसी) रांची के निदेशक ई० शशि राकेश ने तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब पुरानी खुली नहर प्रणाली की जगह प्रेशरिाइज्ड पाइपलाइन और आधुनिक स्काइडा निगरानी प्रणाली के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इससे अंतिम छोर के खेत तक बिना किसी पानी की बर्बादी के समुचित सिंचाई संभव हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आधुनिक तकनीक और किसानों की सक्रिय सहभागिता से सिंचाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर झारखंड के इस योजना के मुख्य तथा राज्य नोडल पदाधिकारी सह अधीक्षण अभियंता ई० कुमार अरविन्द ने परियोजना के विस्तार पर विस्तृत जानकारी दी। बताया कि इस परियोजना का कुल कमांड एरिया 3,700 हेक्टेयर है, जिससे 43 गांवों के लगभग 50 हजार से अधिक किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि बेहतर और सुचारू जल वितरण सुनिश्चित करने के लिए 226 जल मित्रों का चयन किया गया है, जिसमें प्रत्येक 5 हेक्टेयर क्षेत्र पर एक जल मित्र की विशेष जिम्मेदारी होगी। कलस्टर नोडल पदाधिकारी सह कार्यपालक अभियंता दुर्गा चरण मार्डी एवं सहायक अभियंता श्रीमती मालती मार्डी ने योजना पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान किसानों से वार्ता कर उनकी समस्या एवं सुझाव लिए गए। इससे पूर्व कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का पारंपरिक रीति से गाजे बाजे के साथ स्वागत करते हुए किसानों ने कार्यक्रम स्थल तक लाया। इस दौरान महिला किसान काफी संख्या में उपस्थित थे। ये थे उपस्थित