गम्हरिया। कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस-2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का देशव्यापी सीधा प्रसारण किया गया। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कृषि अवसंरचना कोष के तहत विकसित 521 महत्वपूर्ण इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 12 नए हॉर्टिकल्चर क्लस्टर की भी शुरुआत की गई। इस दौरान किसानों को खेत बचाव अभियान-2026 की विस्तृत जानकारी देते हुए मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने, मिट्टी जांच, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती के महत्व से अवगत कराया गया। किसान वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम के तहत रबी मौसम में दलहन, तिलहन एवं व्यावसायिक सब्जियों की खेती पर भी वैज्ञानिक चर्चा की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के शुभारंभ में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. पंकज सेठ ने कहा कि स्वस्थ धरा और समृद्ध किसान ही खेत बचाव अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए मिट्टी के साथ किसान का संरक्षण भी जरूरी है। जिला कृषि पदाधिकारी अमित कुमार बैक ने कहा कि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में उपनिदेशक परियोजना विजय सिंह, वैज्ञानिक डॉ. अमरेश चंद्र पांडेय, डॉ. एलिसामा खाखा, डॉ. लिली मैक्सिमा किस्पोट्टा, डॉ. दोंद्रा मार्डी, लक्ष्मी उरांव, सुशील पुरती, बिनोद तिर्की, देबाशीष दास, चैतन मुर्मू, समेत कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं कर्मियों ने भाग लिया। मौके पर जिले के कुल 128 किसान उपस्थित थे।