सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के शिक्षा विभाग में कार्यरत बीआरपी बीपीएम आदि आउटसोर्सिंग कर्मियों को पिछले करीब चार माह से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। त्योहार के मौसम में भी वेतन का भुगतान नहीं होने से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। वेतन भुगतान को लेकर कर्मियों ने सोमवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल नहीं होकर सांकेतिक विरोध जताया। हालांकि उन्होंने इसमें किसी वरीय अधिकारियों पर दुर्भावना से ग्रसित होकर अथवा अन्य कोई आरोप नहीं लगाया, बल्कि उच्चाधिकारियों से वेतन भुगतान में सहयोग की अपील की। कर्मियों ने बताया कि बैठक में शामिल होने में असमर्थता को लेकर पहले ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेज दिया गया था। पत्र में वेतन भुगतान में हो रही देरी और इसके कारण उत्पन्न आर्थिक परेशानियों का उल्लेख किया गया है। कर्मियों का कहना है कि पिछले चार माह से वेतन लंबित है। भुगतान होने पर भी केवल एक माह का वेतन दिया जाता है। इससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। अल्प वेतन और अनियमित भुगतान के कारण परिवार का भरण-पोषण करने, रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने और त्योहार की तैयारियां करने में परेशानी हो रही है। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने पत्र के माध्यम से बताया है कि वेतन संबंधी समस्या के समाधान के लिए राज्य कार्यालय और राज्य सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी परिस्थिति में वे समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हो सके हैं। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने तथा संबंधित एजेंसी और विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। कर्मियों ने बकाया वेतन का पूर्ण भुगतान कराने के साथ भविष्य में हर माह नियमित वेतन देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्हें उम्मीद है कि विभाग जल्द पहल कर उनकी समस्या का समाधान करेगा। इस दौरान कर्मियों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी मंशा किसी वरीय अधिकारियों को आहत नहीं पहुंचाना है। बल्कि उनकी मांगों में वरीय अधिकारियों से सहयोग की अपेक्षा है।