गम्हरिया। गम्हरिया थाना पुलिस ने चार माह पूर्व चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर को बरामद कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजनगर थाना क्षेत्र के पाखण्डी गांव के बनकाटी टोला निवासी सौरभ मंडल को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चोरी का ट्रैक्टर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार छोटा गम्हरिया स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के समीप वात्सल्य महिला छात्रावास के पास रहने वाले अभय कुमार यादव का महिंद्रा ट्रैक्टर अप्रैल माह में उनके घर के पास से चोरी हो गया था। घटना के बाद गम्हरिया थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने गम्हरिया क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चोरी के बाद ट्रैक्टर गम्हरिया से बाहर ले जाया गया था। इसके बाद सुराग नहीं मिलने से जांच चुनौतीपूर्ण हो गई। बावजूद इसके एसआई मनोज कुमार ने हार नहीं मानी और गम्हरिया, सरायकेला तथा राजनगर क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी क्रम में ट्रैक्टर के राजनगर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर शुक्रवार को एसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में गम्हरिया एवं राजनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान राजनगर के एक खेत में हल चलाते हुए सौरभ मंडल को चोरी के ट्रैक्टर के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ट्रैक्टर का डाला बेच दिया है तथा ट्रैक्टर में हल लगाकर चोरी-छिपे खेत जोतने का काम कर रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर के बेचे गए डाले की बरामदगी के लिए भी छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी बरामद कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी संजय प्रसाद के दिशा निर्देशन में इस कार्रवाई को गम्हरिया थाना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।